लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सोमवार की देर रात जनसेवा केंद्र संचालक को निशाना बनाकर 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में जुट गई है।
दरियापुर नेवादा गांव निवासी शाह आलम पुत्र मोहम्मद हनीफ पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। रात में केंद्र बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान कूबा पीजी कॉलेज के पास बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने पिस्टल सटाकर पैसों से भरा बैग छीन लिया और विरोध करने पर पीड़ित को तमाचे भी जड़े। इसके बाद आरोपी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद