पांच दिन से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में सैकड़ों घर

शेयर करे

पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार ने जले ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए 24 से 72 घंटे का समय निर्धारित किया है। बावजूद शाह मर्दानपुर गांव में 63 केवीए के जले ट्रांसफार्मर को 5 दिनों बाद भी नहीं बदला गया। इससे 100 से अधिक घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। ट्रांसफार्मर को न बदले जाने से ग्रामीणों का रोष गहराता जा रहा है।
पवई बाजार से सटे शाहमर्दानपुर गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए विभाग की तरफ से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था। यह ट्रांसफार्मर 5 दिन पहले जल गया, इससे करीब 100 घर अंधेरे में डूब गए। ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर जलने की सूचना विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर दी। बावजूद इसके आज तक उसे बदला नहीं गया। बिजली के अभाव में एक तरफ जहां लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। वहीं पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को इधर-उधर की दौड़ लगानी पड़ रही है। मोटर न चलने से खेती का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दिया कि यदि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर को बदल कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वह सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। इस संबंध में विद्युत उप केंद्र पवई के अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि यह ट्रांसफार्मर ओवरलोड की वजह से जला है। इसके बदलने की प्रक्रिया जारी है, ओवरलोड की वजह से फिर से ट्रांसफर में न जले इसलिए अब क्षमता वृद्धि करते हुए जल्द से जल्द 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।
रिपोर्ट- नरसिंह यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *