पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
विजयदशमी के दृष्टिगत सीएमओ ने हरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद हाजीपुर और महुला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का जायजा लिया। दोनों केंद्रों पर मरीजों का उपचार होता मिला, लेकिन परिसर में घास-फूस और गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई तथा तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने बताया कि 18 अक्टूबर को जनपद के 76 केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 81 चिकित्सकों और 298 पैरामेडिकल कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। मेले में कुल 1,797 मरीजों का पंजीकरण हुआ तथा 44 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 82 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई और 101 कुपोषित बच्चों को चिह्नित किया गया।
सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने के साथ परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय