आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला सहकारी बैंक लि0, आजमगढ़ के कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जिला सहकारी बैंक कर्मचारियों की मांगों को लम्बे समय से आयुक्त एवं निबन्धक, सहकारिता उत्तर प्रदेश स्तर से लम्बित रखा गया है। संगठन द्वारा प्रत्येक स्तर से मांगों के समाधान का प्रयास किया गया। लेकिन मांगों के समाधन हेतु कोई कार्यवाही न होने के कारण यूनियन द्वारा नोटिस के माध्यम से आयुक्त एवं निबन्धक, सहकारिता उत्तर प्रदेश, एवं अन्य को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंकों के कर्मचारियों को वेतन पुनरीक्षण तत्काल किया जाय। जिला सहकारी बैंकों के कम्प्यूटराईजेशन एवं अन्य में हुयी वित्तीय अनियमिताओं की जांच की मांग हेतु कमेटी का गठन किया जाय। 2012 से 2017 के मध्य भर्ती कर्मचारियों को भी अन्य बैंक कर्मचारियों की भांति सभी सुविधाएं दी जाय। इस अवसर पर रणधीर सिंह, अजीत प्रताप सिंह, गौरव जोशी, ब्रजमोहन सिंह, संजय कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार