मण्डल को टॉप 10 में लाना करें सुनिश्चित-मण्डलायुक्त

शेयर करे

आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि विभागीय कार्यों में अपेक्षित तेजी लाते हुए प्रगति को निययमित रूप से समय सीमा के अन्दर फीड करायें तथा मण्डल को टॉप-10 में लाना सुनिश्चित करें। वह सोमवार को अपने कार्यालय सभागार में सर्वाेच्च विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों तथा कर करेत्तर एवं अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
मण्डलायुक्त श्री चौहान ने कहा कि कतिपय कार्यों में प्रगति अपेक्षानुरूप होने के बावजूद उसकी समय से ऑनलाइन फीडिंग नहीं कराये जाने के कारण जनपद एवं मण्डल की रैंकिंग प्रभावित होती है, इसलिए सम्बन्धित अधिकारियों को इसके प्रति सतर्क रहना होगा। उन्होनंे विभागवार प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियन्ता लघु सिंचाई को निर्देशित किया कि बोरिंग की क्वालिटी किसी भी दशा में खराब नहीं मिलनी चाहिए। सरकारी विभागों के विद्युत बकाया के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त ने कहा कि जिन विभागों का जो भी विद्युत बकाया है वे अपने विभाग से तत्काल भुगतान हेतु बजट की मांग करें। उन्होंने प्रधानमन्त्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा करते हुए संयुक्त कृषि निदेशक को निर्देश दिया कि यद्यपि कि डाटा फीडिंग लक्ष्य के सापेक्ष है परन्तु डाटा सुधार पूर्ण नहीं है, इस ओर ध्यान देकर शीघ्रता से पूर्ण कराया जाय। मण्डलायुक्त ने कहा कि किसानों का केवाईसी प्राथमिकता पर करायें तथा सत्यापन में जिन लोगों के खाते में गलत ढंग से धनराशि भेजी गयी है उनसे वसूली की कार्यवाही करायें। बैठक में मण्डलायुक्त द्वारा सिंचाई, प्रधानमन्त्री आवास योजना, सेतुओं के निर्माण, अमृत योजना, मुख्यमन्त्री आवास योजना, प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना, पेयजल मिशन सहित सर्वाेच्च विकास प्राथमिकता से सम्बन्धित अन्य कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गयी तथा अपेक्षा के अनुरूप प्रगति लाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *