आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में शनिवार की देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में जन प्राथमिकता के बिंदुओं पर की जाने वाली साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आइजीआरएस पोर्टल पर जिन विभागों से संबंधित शिकायतें डिफाल्टर हो गई है, उसे संबंधित विभाग शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। जिन-जिन विभागों में शिकायतें अधिक संख्या में डिफाल्टर हैं, उन विभागों में टॉप 5 का चयन कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देश दिया कि जनता दर्शन की शिकायतें यदि 3 दिन के अंदर डिफाल्टर होना है तो व्यक्तिगत रूप से संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दें कि समय से शिकायतों का निस्तारण करायें।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिया कि एक माह से पुराने शिकायतों, प्रकारणों का निस्तारण जिनका समिति द्वारा किया जाना है, यदि समिति द्वारा निस्तारण नहीं किया गया है तो उसकी रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिया कि जो भी शिकायतकर्ता आपसे मिले, उनकी शिकायतों को अपने स्तर से ही सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं एवं शिकायतकर्ता को संतुष्ट करें, जरूरत पड़े तो मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करें। पैमाइश से संबंधित जो भी प्रकरण लंबित है, उसे जल्द से जल्द निस्तारण कराएं। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि समस्त एसडीएम अपने संबंधित तहसील क्षेत्रों में तालाबों, पोखरों पर यदि अतिक्रमण है तो उसे जल्द से जल्द हटाना सुनिश्चित करें। कोर्ट में लंबित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करायें।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव