आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट की मंडलीय बैठक रविवार को संगठन के मुकेरीगंज स्थित कार्यालय पर मंडलीय अध्यक्ष अबरार अहमद की अध्यक्षता व मंडल मंत्री अभिषेक कुमार के संचालन में आयोजित की गई।
मंडल अध्यक्ष अबरार अहमद ने कहा कि पुरानी पेंशन सहित अन्य मांगों को लेकर के प्रदेशीय नेतृत्व ने पूरे प्रदेश में आर-पार का संघर्ष छेड़ दिया है। कहा कि हमें यूपीएस कतई मंजूर नहीं है, हमको पुरानी पेंशन के अलावा कुछ भी स्वीकार नहीं है। यदि यूपीएस इतना ही फायदेमंद है तो उसको नेताओं के ऊपर लागू कर दिया जाए, लेकिन हमको पुरानी पेंशन दे दी जाए। हमारा जो भी नुकसान होगा उसको हम बर्दाश्त कर लेंगे। मंडल मंत्री अभिषेक कुमार ने कहा कि संघर्ष के प्रथम चरण में प्रदेश स्तर पर लम्बित समस्याओं को लेकर पूरे प्रदेश के जनपद मुख्यालयों के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर संगठन ने वृहद आंदोलन छेड़ा और मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन साैंपा, लेकिन अभी तक समस्याओं का समाधान न होने के कारण द्वितीय चरण में हम मंडल मुख्यालय पर संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक के कार्यालय पर 10 सितंबर को धरना देकर सीएम को ज्ञापन भेजेंगे। मंडल मंत्री ने आजमगढ़, मऊ, बलिया के अध्यापको एवं कर्मचारियों से 10 सितंबर को धरना स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में बाबा रघुवर दास इंटर कॉलेज जमीलपुर के प्रधानाचार्य विजय कुमार मौर्य के भाई तथा श्रीकृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज लालगंज के सहायक अध्यापक संजीत यादव के पिता की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गतात्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। बैठक में प्रदेश संरक्षक रामजन्म सिंह, शेर बहादुर सिंह यादव, दिनेश प्रताप सिंह प्रधानाचार्य, अवनीश सिंह जिलाध्यक्ष मऊ, विनीत राय जिला मंत्री मऊ, अशोक कुमार जिलाध्यक्ष बलिया, जामवन्त निषाद कार्यवाहक जिलाध्यक्ष आजमगढ़, पंकज कुमार सिंह, अतुल सिंह, राधेश्याम राजभर आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार