लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में रात शौच के लिए जा रहे किशोर की छत से गिर कर मौत हो गई। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी सुबह हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दयालपुर गांव निवासी 16 वर्षीय ज्ञानचंद्र चौहान एक बहन में अकेला भाई था। माता-पिता मुंबई मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। ज्ञानचंद्र चौहान घर अपने चाचा के परिवार संग रहता था। रात को दो मंजिला मकान की छत पर सभी के साथ सोने के लिए गया था। आधी रात को शौच के लिए उठा था कि नींद में छत से नीचे गिर गया। सुबह जब परिजनों को सूचना मिली तो उसे आनन-फानन शहर के निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को नहीं दी है। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद