आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अजमतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर गाँव निवासी शिशु व बाल रोग विशेषज्ञ डा. डीडी सिंह विगत 13 वर्षों से अनवरत निःशुल्क परामर्श व दवाएं शिशुओं को देते आ रहे हैं। प्रत्येक रविवार को अपने पैतृक गांव छपरा सुल्तानपुर आवास पर ग्रामीण शिशुओं का इलाज कर रहे हैं। क्षेत्र के साल्हेपुर, अजगरा, हरई इस्माइलपुर, खर्रा रास्तीपुर, इमिलिया, टनकपुरा, कठरा, कोठिया, छपरा, रसूलपुर आदि गाँवों के लोग इस शिविर से लाभान्वित हो रहे हैं।
निःशुल्क इलाज कर रहे डॉ. सिंह के सामने कई शिशु ऐसे आये जो धनाभाव में इलाज नहीं कर पाते। उन बच्चों को इनके निःशुल्क शिविर से काफी लाभ मिला। गाँव में आज भी बहुत लोग ऐसे हैं, जो धनाभाव के कारण बच्चे बीमार पड़ने पर समुचित इलाज नहीं करा पाते। ऐसे बच्चों का इलाज कर अपने को धन्य मानते हैं। बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अभिभावक हमेशा सतर्क रहते हैं, क्योंकि ये ही घर, गाँव, जिले, प्रदेश व देश के आने वाले कल को संवारते हैं। ऐसे में इनका शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य ठीक होना आवश्यक है, जो बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से ही संभव है। विदित हो कि यह क्षेत्र ग्रामीण इलाका है, जहाँ अभी भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। ऐसे में डॉ. सिंह द्वारा निःशुल्क इलाज किए जाने से शिशुओं को काफी राहत मिल रही है। डा. सिंह बड़ी ही लगन और तन्मयता के साथ एक एक मरीज की शिकायत सुनकर उचित परामर्श और दवाएं देते हैं। इस कार्य से क्षेत्रीय लोगों में हर्ष का माहौल है और लोग डॉ. डी.डी. सिंह की मुक्त कंठ से सराहना करते हैं। इस अवसर पर आसपास के गाँव कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इनसेट-
माता-पिता की प्रेरणा से शुरु किया निःशुल्क चिकित्सा शिविर
आजमगढ़। डा. डीडी सिंह बताया कि माता-पिता की प्रेरणा से यह कार्य हमने शुरू किया। आज अबोध बच्चों का इलाज कर हमें आत्म संतुष्टि मिल रही है। कार्य अनवरत चलता रहेगा, जिससे कुछ जरूरतमंद बच्चों का इलाज हम कर सकेंगे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार