संविधान और हक-अधिकार की रक्षा के लिए पीडीए की एकजुटता जरूरी डॉ. संग्राम

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के खानपुर टंडवा गांव में पूर्व जिला पंचायत सदस्य लचीराम वर्मा के संयोजन में पीडीए पंचायत आयोजित की गई। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय बरखू राम वर्मा ने सामाजिक न्याय का जो रास्ता दिखाया था, पीडीए समाज उसी पर एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन बाबा साहेब का संविधान नहीं रहेगा, पीडीए समाज फिर से गुलामी की ओर धकेल दिया जाएगा।
विधायक ने आरोप लगाया कि 10 वर्षों में 20 से अधिक पेपर लीक हुए और 26 हजार विद्यालयों पर ताला जड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि पीडीए किसी एक जाति का नहीं, बल्कि शोषितों और पीड़ितों का समूह है। विधायक ने 69,000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगतियों, मकराहा पॉलिटेक्निक, समदी महिला महाविद्यालय और अतरौलिया अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती के लिए सदन तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने कहा कि कोरोना काल में चुनाव कराने वाली सरकार अब हार और आरक्षण पर डाके की नीयत से पंचायत चुनाव टाल रही है। 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए सरकार बनाकर इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौथीराम कन्नौजिया व संचालन जयप्रकाश यादव ने किया। इस मौके पर हीरालाल वर्मा, रामचंद्र वर्मा, सुभाष वर्मा, चंद्रजीत यादव, कन्हैया गौड़, संजय मौर्य, शीतला निषाद, कल्लू राम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *