लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर गांव में आज शनिवार को लगभग 11 बजे बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथी शंकरपुर निवासी 21 वर्षीय संदीप पुत्र राजेश सरोज वाराणसी में रह कर दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहा था। शनिवार की सुबह वह वाराणसी जाने की तैयारी कर रहा था। सामान रखकर घर के सामने पड़ोसी जैनेंद्र सिंह के हैंड पंप पर चला गया। जिसमें सबमरसेबल पंप का कनेक्शन किया गया था। हाथ धोते समय तेज झटके से उसे करंट लग गया। आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। संदीप दो भाई एक बहन में सबसे बड़ा था। माता पिता का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद