आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सावन मास के अंतिम सोमवार को मेंहनगर तहसील क्षेत्र के लखरॉव पोखरा स्थित श्री महादेव घाट मंदिर से बाबा महादेव की भव्य पालकी शोभायात्रा श्री महादेव सेवा समिति के नेतृत्व एवं आयोजक भारत माता चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में निकाली गयी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पालकी यात्रा के दौरान पूरा नगर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
बाबा महादेव की भव्य झांकी और मनमोहक स्वरूप को देखकर श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी निहाल हो उठे। पालकी यात्रा जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, घरों से महिलाएं और अन्य श्रद्धालु बाहर निकलकर बाबा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करते दिखाई दिए।
पालकी यात्रा लखरॉव पोखरा से प्रारंभ होकर बड़ी मील, शीतला माता मंदिर, सोरहे बाबा मंदिर, लाहौरी माता मंदिर, निरंजन कुटी-खाकी बाबा मंदिर, काली माता मंदिर, जयनगर चौराहा, कुकुहा पोखरा, शमशानवासी महादेव मंदिर, प्रभा पोखरा स्थित पातालपुरी महादेव मंदिर, मोढ़ एवं गोला बाजार होते हुए पुनः लखरॉव पोखरा स्थित श्री महादेव घाट मंदिर पहुंची।
भाजपा किसान नेता महेन्द्र मौर्य ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा महादेव की पालकी यात्रा क्षेत्र की आस्था, धार्मिक परंपरा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। भगवान शिव की भक्ति लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देती है। बाबा महादेव की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे, यही कामना है। शोभायात्रा के श्री महादेव घाट मंदिर पहुंचने पर बाबा महादेव का भव्य श्रृंगार एवं आरती की गई।
इस अवसर पर आर्यकमल आर्य, जगदीश मौर्य, राजू मद्धेशिया, सोनू माली, दिनेश मौर्य, संतोष मोदनवाल, अवनीश बरनवाल, पीयूष संदेश, शेरू मद्धेशिया, शशिकांत सेठ, सुधीर राय, पंकज गुप्ता, जैकी जायसवाल, राकेश मौर्य, सुमित जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार