लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहम्मदपुर तिराहे से मुड़कर फरिहां की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों के लगातार आवागमन से नहर पर बने पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फरिहां बाजार से पहले स्थित यह पुल काफी कमजोर स्थिति में बताया जा रहा है। इसके बावजूद टोल टैक्स से बचने के लिए बड़ी संख्या में भारी वाहन इसी मार्ग से गुजर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों की लगातार आवाजाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यदि समय रहते प्रशासन और संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो पुल के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही राहगीरों की जान-माल पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने तथा उसकी भार क्षमता का आकलन करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जांच के बाद पुल की क्षमता के अनुरूप ही वाहनों के संचालन की व्यवस्था की जाए और सुरक्षा को देखते हुए आवश्यक होने पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए। स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की है कि संबंधित विभाग नियमित रूप से पुल की स्थिति की निगरानी करे, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।
अब देखना है कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या का कितनी जल्दी संज्ञान लेकर पुल की सुरक्षा के साथ राहगीरों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद