पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत रज्जाकपुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला अब मुख्यमंत्री दरबार तक पहुंच गया है। ग्राम पंचायत निवासी प्रदीप कुमार यादव ने उप मुख्यमंत्री को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर महिला ग्राम प्रधान शीला यादव, उनके प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव तथा पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की मुख्यालय स्तर से तकनीकी लेखा परीक्षण (टीएसी) जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत में मनरेगा, 14वें और 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से कराए गए विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। कई कार्यों में बिना निर्माण कराए ही भुगतान कराने, एक ही कार्य के लिए दोबारा भुगतान लेने, फर्जी मस्टर रोल तैयार करने और कूटरचित अभिलेखों के आधार पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है।
प्रदीप कुमार यादव ने उप मुख्यमंत्री से मांग की है कि ग्राम पंचायत रज्जाकपुर में पिछले वर्षों के विकास कार्यों, मनरेगा भुगतान, मास्टर रोल, जियो टैग तस्वीरों, बिल-वाउचर और बैंक भुगतान का अभिलेखों के साथ भौतिक सत्यापन कराया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की मुख्यालय स्तर से टीएसी जांच कराकर सरकारी धन के दुरुपयोग और कथित फर्जी भुगतान में शामिल लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-नरसिंह