फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग की ओर से 15 सितंबर से अनुरक्षण माह की शुरुआत की गई है। इसके तहत विद्युत उपकेंद्रों पर स्थापित विद्युत संयंत्रों की मरम्मत, रखरखाव और तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग का उद्देश्य अनुरक्षण कार्य पूरा कर उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
अनुरक्षण अभियान के दौरान उपकेंद्रों पर स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों की जांच के साथ आवश्यकतानुसार तेल का टॉपअप किया जा रहा है। इसके अलावा लूज कनेक्शनों को टाइट करने तथा अन्य तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य भी किया जा रहा है। विभागीय कर्मी उपकरणों की स्थिति की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार समय-समय पर विद्युत संयंत्रों का अनुरक्षण किए जाने से तकनीकी खराबी और आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। अनुरक्षण माह के दौरान उपकेंद्रों और उनसे जुड़े विद्युत उपकरणों का व्यवस्थित निरीक्षण एवं रखरखाव किया जाएगा।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय