अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी 42 वर्षीय फूलचंद पुत्र बेचन राम की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेत से घर लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में अतरौलिया स्थित 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने खेत में किसी जहरीले जंतु के काटने की आशंका जताई है। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
फूलचंद बुधवार सुबह अपने खेत में गए थे। कुछ देर बाद घर लौटने पर उन्हें घबराहट महसूस होने लगी और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ती देख परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र अर्पित और अन्य परिजनों ने आशंका जताई कि खेत में काम करने के दौरान किसी जहरीले जंतु ने उन्हें काट लिया होगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद