आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नारी शक्ति संस्थान द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को केंद्रीय कार्यालय, मुहल्ला सीताराम स्थित सभागार में “अभिनंदन हर मां को, सम्मान हर नारी को” थीम के तहत मातृ शक्ति सम्मान 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शक्ति की प्रतीक मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। अध्यक्षता संस्था संरक्षक डॉ. नेहा दुबे तथा संचालन अनिता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उन मातृ शक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी हार न मानते हुए अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया और अपने परिवार को सामाजिक व शैक्षणिक रूप से आगे बढ़ाया। इस वर्ष मातृ शक्ति सम्मान 2026 से ऊषा बरनवाल, अमरावती राय, किरन गोंड़, दुर्गा देवी एवं चिंतामणि को सम्मानित किया गया।
संस्था की सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि यह सम्मान उन माताओं को समर्पित है, जिन्होंने समाज और परिवार दोनों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्था अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिलती है कि वे कठिनाइयों से घबराए बिना दृढ़ता से आगे बढ़ें। अंत में अध्यक्षता कर रही डॉ. नेहा दुबे ने सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रीति गुप्ता, सुषमा बरनवाल, रश्मि डालमिया, संजू चौधरी, आस्था राय, अनिता आलोक श्रीवास्तव, नीता बरनवाल सहित संस्था की समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-सुबास लाल