निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे के मुख्य चौक पर गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे हल्की बारिश के बाद ही नालियां जाम होने से सड़क पर करीब एक फुट तक पानी भर गया। नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग गंदे पानी के बीच से होकर अपने घरों और दुकानों तक आने-जाने के लिए मजबूर रहे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से जगह-जगह साफ-सफाई पर लाखों रुपये खर्च किए जाने का रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है। हल्की बारिश में ही नालियां जाम होने और जलभराव की समस्या सामने आ गई।
इस संबंध में निजामाबाद के ईओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
भाजपा के पूर्व प्रत्याशी निजामाबाद प्रवीण कुमार ने नगर पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग के ऊपर दोबारा इंटरलॉकिंग कराने और अन्य निर्माण कार्यों में सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायतें जनता द्वारा पहले भी उठाई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में नालियां जाम और जगह-जगह गंदगी की समस्या बनी हुई है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर विद्युत खंभे लगाए जाने के बावजूद दो-दो वर्षों से लाइट नहीं लगी है और कई लाइटों का भुगतान केवल कागजों में किए जाने की शिकायतें हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से नगर पंचायत के कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र