जलभराव से पीड़ित ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा पत्रक

शेयर करे

बूढनपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड अहरौला के मेहदवारा गांव में नाली निर्माण नहीं होने के कारण जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के रास्तों और घरों के दरवाजों पर करीब तीन फीट तक पानी जमा है। जलभराव के चलते तीन मकान गिर चुके हैं, जबकि कई अन्य मकानों के भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिलाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ एवं ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि मेहदवारा गांव में नाली निर्माण को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चल रहा है। पूर्व एसडीएम नायब तहसीलदार अहरौला एवं पूर्व तहसीलदार द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया जा चुका है। नाली निर्माण के लिए आश्वासन दिए जाने के बाद भी कार्य नहीं हो सका।
ग्रामीणों के मुताबिक, नाली निर्माण का विरोध करने वालों के खिलाफ अहरौला थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान की कथित लापरवाही के चलते नाली का निर्माण अब तक अधूरा है, जिससे पूरे गांव में करीब तीन फीट पानी भर गया है। एक सप्ताह के भीतर मेहदवारा गांव में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में नाली निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। जिलाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी समस्या का हल नहीं हुआ तो हम तहसील परिसर में आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *