छः साल से जर्जर स्कूल भवन, बच्चों की सुरक्षा पर खतरा

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र तरवां के प्राथमिक विद्यालय बहलोलपुर दक्षिण में जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है। विद्यालय का अतिरिक्त कक्ष और रसोईघर लंबे समय से बदहाल हैं। दीवारों का प्लास्टर उखड़ चुका है, छत से सीमेंट गिर रहा है और फर्श भी टूट गया है। भवन की इस स्थिति को लेकर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता जयेश विक्रम ने आवाज उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
जयेश विक्रम के अनुसार, विद्यालय का भवन पिछले छह वर्षों से अधिक समय से जर्जर हालत में है और बच्चों के बैठने के लिहाज से सुरक्षित नहीं है। अन्य स्थानों पर स्कूल भवन गिरने की घटनाओं को देखते हुए उन्होंने किसी अनहोनी से पहले समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
शिकायत के बाद खंड शिक्षा अधिकारी समेत ग्राम विकास अधिकारी, जेई, आरएसजे, जेईएमआई और एडीओ पंचायत ने विद्यालय पहुंचकर भवन की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जर्जर भवन पर लाल रंग से क्रॉस का निशान लगाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों को उक्त भवन से दूर दूसरे स्थान पर बैठाने की व्यवस्था की गई है। भोजनालय की व्यवस्था भी अलग कर दी गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता जयेश विक्रम ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर टाइल्स और इंटरलॉकिंग जैसे कार्य कराए गए, लेकिन विद्यालय के जर्जर भवन और रसोईघर की समस्या की अनदेखी की गई। उन्होंने मांग की कि विद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए और जिम्मेदार विभाग के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जाए।
मामले में खंड शिक्षा अधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। बताया गया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से जांच कराकर जर्जर भवन को हटाने और नए भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *