माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत का ऐतिहासिक मेला सोमवार को है जिसके लिए प्रशासन ने क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर बिजय कुमार गौर की निगरानी में मेले में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पहली बार मेले की निगरानी सीसीटीवी कैमरे के अलावा ड्रोन कैमरे से भी होगी। 14 दुर्गा पांडाल सजाए गए हैं, मेला का आकर्षण का केन्द्र होगा।
शांति और सौहार्द्र के साथ मेले को संपन्न कराने के लिए सोमवार को दिन में दो बजे से शाम आठ बजे तक वाहन प्रवेश वर्जित रहेगा। अम्बारी की तरफ से आने वाले वाहनों को अम्बारी बाजार से घुमा दिया जाएगा। इसी तरह अहरौला की तरफ से आने वाले वाहनों को यहां के गौसपुर मोड और पवई की तरफ के वाहनों को शहराजा के पास से और फूलपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को समसल्लीपुर मोड के पास से घुमा कर गंतव्य पर भेजा जाएगा।
गांधी मार्ग पर लगने वाले महिलाओं के मेले में पुरुष प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। जिसके लिए यहां के मुख्य चौक और कुरैशी चौक पर व्यापक रूप से महिला और पुरुष पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले की निगरानी हेतु चार थानों की पुलिस फोर्स के साथ ही साथ तीन प्लाटून पीएसी बल तैनात रहेगा। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर बिजय कुमार गौर के साथ ही अहरौला और माहुल चौकी की पुलिस मेले में लगातार चक्रमण करते हुए उपद्रवियों पर नजर रखेगी।
इस संबंध में सीओ विजय कुमार गौर का कहना है कि मेला की निगरानी ड्रोन कैमरे से किया जाएगा। मेले को शांति पूर्ण संपन्न कराने में जो भी तत्व खलल डालेगा पुलिस उस पर कठोर कार्यवाही करेगी। शांति और सौहार्द से किसी भी प्रकार का समझौता पुलिस नहीं करेगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह