अशासकीय विद्यालय प्रबंधकों ने संगठन की मजबूती पर दिया बल

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक सभा, आजमगढ़ मंडल की बैठक मंगलवार को श्री दुर्गा जी इंटरमीडिएट कॉलेज, चंडेश्वर में हुई। अध्यक्षता पूर्वांचल प्रभारी गजेंद्र सिंह तथा संचालन मंडल अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी महत्वपूर्ण सुझावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें स्वीकार किया गया।
श्रवण राय ने प्रबंधकों की एकजुटता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों के सामने समय-समय पर विभिन्न प्रकार की समस्याएं आती रहती हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सभी प्रबंधकों का एकजुट होकर संगठन के माध्यम से अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की आवश्यकता है। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और प्रबंधक हित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
अंत में प्रबंधक डॉ. वेदपाल सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। उपस्थित प्रबंधकों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। श्री दुर्गा जी इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक डॉ. फूलचंद ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *