वर्षों से दिक्कत झेल रहे ग्रामीणों ने चंदे से बनाया चकरोड

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास खंड मोहम्मदपुर अंतर्गत कजीयाकुबपुर से बीबीपुर गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की दशा वर्षों से बदहाल थी। जर्जर रास्ते के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार अधिकारियों और ग्राम प्रधान से शिकायत के बावजूद भी चकरोड का निर्माण नहीं हो पाया। रास्ता न बनने से परेशान ग्रामवासियों ने स्वयं पहल करने का निश्चय किया और चंदा इकट्ठा कर चकरोड निर्माण की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से लगभग 230 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा चकरोड बनकर पूरी तरह तैयार किया गया।
ग्रामवासी प्रेम यादव, प्रदीप कुमार, अखिलेश यादव, राम आशीष, अशोक, ओमप्रकाश आदि ने बताया कि वर्षों से खराब रास्ते के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विभागीय अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों को मजबूरन सामूहिक प्रयास करना पड़ा। चंदा इकट्ठा कर ग्रामीणों ने अपने दम पर रास्ते का निर्माण कराया, जिससे अब गांवों के बीच आवागमन सुगम हो सकेगा।
इस संबंध में एसडीएम निजामाबाद सुनील कुमार धनवंता द्वारा आदेश भी दिया गया था कि राजस्व टीम एवं पुलिस बल द्वारा चकरोड को पटवाया जाना अति आवश्यक है लेकिन आज तक यह चकरोड नही पटा तों ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा करके चकरोड को पटवाया। इस इस संबंध में एडीओ पंचायत मोहम्मदपुर श्रवण कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है किस कारण यह चकरोड नही बना जांच करके ही बता पायेंगे।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *