फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। धान की फसल में यूरिया की जरूरत के बीच साधन सहकारी समिति सदरपुर बरौली के सुदनीपुर स्थित गोदाम पर अब तक यूरिया की खेप नहीं पहुंचने से क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। समिति से कनेरी और बक्सपुर न्याय पंचायत के किसान उर्वरक की खरीद करते हैं। किसानों का कहना है कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें बाजार से महंगे दामों पर यूरिया खरीदनी पड़ रही है।
किसानों के अनुसार, जिला कृषि अधिकारी आजमगढ़ सदानंद चौधरी की ओर से रविवार तक समिति के गोदाम पर यूरिया की खेप पहुंचने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन मंगलवार तक भी खाद नहीं पहुंच सकी। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लाइसेंसी दुकानों पर यूरिया के साथ जिंक लेने का दबाव बनाया जा रहा है। किसानों के मुताबिक, बाजार में यूरिया और जिंक के लिए करीब 700 रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। इससे धान की खेती की लागत बढ़ रही है।
किसानों ने कहा कि एक ओर सरकार किसानों को समय से खाद, बीज और कृषि योजनाओं का लाभ दिलाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी समितियों पर ही उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने प्रशासन से सरकारी गोदामों पर समय से खाद उपलब्ध कराने और गांव-गांव शिविर लगाकर कृषि योजनाओं की जानकारी देने की मांग की है।
किसान मो. अनवर, मो. अंजर, नदीम अहमद, अर्सलान, संतोष, सौरभ यादव, विनोद यादव, दिनेश पाल, दशरथ पाल, मनीष पाल, चंद्रकेश प्रजापति, कोमल, बतीस यादव और बहादुर यादव आदि ने जिलाधिकारी से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय