मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां भोजन के बाद टहलने निकले दंपती को एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय अधेड़ की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह गुजरपार चौराहे पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई और आरोपी चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद ही जाम समाप्त हो सका।
इनसेट-
टहलने के दौरान हुआ हादसा, चालक फरार
मुबारकपुर आजमगढ़। गुजरपार निवासी मुन्नी लाल (45) रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे भोजन करने के बाद अपनी पत्नी सुमन देवी (43) के साथ सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन दोनों को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर दौड़े परिजन और स्थानीय लोग घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आजमगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इनसेट-
कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
मुबारकपुर आजमगढ़। जैसे ही मुन्नी लाल की मौत की खबर गुजरपार गांव पहुंची, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गुजरपार चौराहे पर एकत्र हो गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने, चालक को तत्काल गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।
इनसेट-
पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम, मुकदमा दर्ज
मुबारकपुर आजमगढ़। सड़क जाम होने से यातायात ठप होने की सूचना पर मुबारकपुर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव