फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विद्युत विभाग की ओर से मंगलवार को हाई लॉस फीडर के अंतर्गत अहिरिपुर गांव में विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिजली कनेक्शनों की जांच कर बकाया बिलों की वसूली की गई। अभियान में कुल 60 हजार रुपये की वसूली की गई, जबकि 55 उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की जांच की गई। बकाया जमा नहीं करने पर 22 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। वहीं, तीन उपभोक्ताओं के भार बढ़ाए गए।
विद्युत विभाग का यह अभियान अवर अभियंता विद्युत फूलपुर-सुदनीपुर देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शनों और विद्युत भार की जांच की। साथ ही बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए उपभोक्ताओं को प्रेरित किया गया।
अवर अभियंता ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने, बकाया राजस्व की वसूली करने और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में फीडर मैनेजर सूर्यभान, बृजेश यादव, अंगद यादव, इंद्रेश कुमार, सिकंदर पाल सहित अन्य लाइनमैन और मीटर रीडर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/ मुन्ना पाण्डेय