अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत

शेयर करे

मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर बरम बाबा के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान चौकी ग्राम निवासी नागेंद्र 48 वर्ष पुत्र पुरुषोत्तम और प्रदीप गौड़ 38 वर्ष पुत्र हरिलाल के रूप में हुई। दोनों एक ही बाइक से बरदह बाजार सामान खरीदने गए थे। वहां से घर लौटते समय बरम बाबा के सामने विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर नहर के रास्ते फरार हो गया।
एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नागेंद्र पेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी शकुंतला, दो बेटियां और एक बेटा हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रदीप गौड़ मुंबई के भिवंडी में रहकर सब्जी बेचने का काम करते थे। वह करीब 15 दिन पहले ही मुंबई से अपने घर चौकी आए थे। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। हादसे में दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *