आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में चाकूबाजी और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। घटना कूलर की हवा की दिशा को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात कस्बा अजमतगढ़ में बारात के दौरान कूलर की हवा को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान नीरज निषाद समेत नौ नामजद लोगों ने मारपीट और चाकूबाजी की। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में राजेश निषाद निवासी बेलसड़ी, बड़हलगंज (गोरखपुर) की तहरीर पर जीयनपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने पहले ही मुख्य अभियुक्त नीरज निषाद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसी क्रम में शुक्रवार को महेश निषाद (24), पवन निषाद (18) और भीम निषाद (22) को मुबारकपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक अजय यादव और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।
रिपोर्ट-सुबास लाल