नियमों का पाठ पढ़ाने वाले खुद ही उड़ा रहे नियमों की धज्जियां

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में चालान काटे जा रहे हैं। लेकिन जो पुलिस कर्मी नियमों की दुहाई देते हुए लोगों के चालान करते हैं वह इन दिनों खुद ही नियम कानून भूल गए हैं और धड़ल्ले से बिना हेलमेट के बाइक से घूम रहे हैं।
जिले के कंधरापुर थाना के बाहर की यह तस्वीरें हैं जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दरोगा जी के साथ-साथ पुलिस कर्मी भी नियमों की अवहेलना करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं कन्धरापुर थाने के निरीक्षक (अपराध) भी बिना सीट बेल्ट लगाए हुए पुलिस की गाड़ी से घूम रहे हैं। अब सवाल खड़ा होता है कि जो पुलिस कर्मी खुद ही नियम कानून भूल गए हों उनके ऊपर कार्रवाई होगी या नहीं? इस संबंध में स्थानीय समाज सेवी विनीत रंजन ने बताया कि पुलिस द्वारा जनता को प्रताड़ित किया जा रहा है। कोई यदि मेडिकल इमरजेंसी या किसी आवश्यक कारणवश नियमों का पालन नहीं कर पाता है तो उसे छोड़ दिया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा जनता को रोककर जगह-जगह अवैध वसूली की जा रही है। यह माहौल पूरे जिले में है लेकिन कंधरापुर थाने की पुलिस द्वारा हद कर दी गई है। कंधरापुर थाने के पुलिस कर्मी आए दिन बिना हेलमेट के घूमते हुए देखे जाते हैं लेकिन उन पर कोई कार्यवाही नहीं होती है। पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर दोषी पुलिस कर्मियों का भी चालान काटा जाना चाहिए।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *