अर्न्तजनपदीय गिरोह के दो सदस्य मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कप्तानगंज पुलिस ने मुठभेड़ में चोरी की घटनाओं में संलिप्त अन्तरजनपदीय गिरोह के दो अभियुक्त दीपक उर्फ देवदत्त गोड एवं दिनेश कुमार उर्फ लकी बाएं पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान एवं घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार की रात्रि थानाध्यक्ष कप्तानगंज प्रदीप कुमार मय पुलिस टीम द्वारा देउरपुर से कोयलसा जाने वाले मार्ग पर जफरा मऊ बाग तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक ऑटो को रोकने का इशारा किया गया तो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। पुलिस टीम द्वारा पुनः रोकने का प्रयास करने पर ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर रुक गया। उसमें से निकले दो व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की पहचान दीपक उर्फ देवदत्त गोड पुत्र श्यामप्यारे गोड, निवासी ब्रम्हस्थान कोइरान, थाना कोतवाली, आजमगढ़, व दिनेश कुमार उर्फ लकी पुत्र संतराम, निवासी ग्राम हीरापट्टी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई। दोनों को एम्बुलेंस एवं सेकंड मोबाइल की सहायता से उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। इनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का सामान एवं घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद हुआ।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *