सर्राफा दुकान से चोरों ने उड़ाई सोने की चेन, सीसीटीवी में कैद वारदात

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला बाजार में थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े सर्राफा की दुकान से सोने की चेन चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात चोर 10 ग्राम से अधिक वजन की सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
अरविंद सोनी पुत्र राजेंद्र प्रसाद सोनी, निवासी ग्राम भोगईचा, अहरौला बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास किराए के मकान में सर्राफा की दुकान लेकर अपना व्यवसाय करते हैं। रोज की तरह मंगलवार को भी वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 3ः15 बजे बिना नंबर प्लेट की होंडा साइन बाइक से दो युवक दुकान पर पहुंचे और सोने-चांदी के आभूषण दिखाने को कहा।
मौका पाकर दोनों युवक दुकान से 10 ग्राम से अधिक की सोने की चेन उठा ले गए और फरार हो गए। चोरी का एहसास होते ही अरविंद सोनी ने उनका पीछा भी किया, लेकिन सब्जी मंडी क्षेत्र में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर चोर भाग निकले।
घटना की सूचना तत्काल थाना अहरौला पुलिस को दी गई। पीड़ित द्वारा सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है, जिसमें पूरी घटना कैद बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई।
गौरतलब है कि सब्जी मंडी क्षेत्र होने के कारण यहां हमेशा भारी भीड़ रहती है। इसके बावजूद थाने के इतने नजदीक हुई चोरी की इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है जाँच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *