आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आर्थिक तंगी से जूझ रहे मौर्य दंपत्ति के बच्चे सोमवार को फिर अपनी मांगों को लेकर मेहता पार्क में अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठ गये। पीड़ितों द्वारा आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। आज तक न तो हत्या काण्ड का पूर्ण रूप से खुलासा हुआ और न ही डिप्टी सीएम केशव मौर्य और एसडीएम द्वारा आर्थिक मदद का दिया गया आश्वासन ही पूरा हो पाया।
बीते 14 जून को अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम पारा निवासी मौर्य दंपति का अपहरण के बाद 16 जून को हत्या कर फेंका हुआ शव बरामद हुआ था। जिसमें हत्याकाण्ड के खुलासे और आर्थिक मदद को लेकर 19 सितम्बर को मृतक के बच्चों द्वारा मेहता पार्क में भूख हड़ताल किया गया था जिसमें जिला प्रशासन द्वारा आश्वासन देकर भूख हड़ताल को समाप्त कराया गया था, लेकिन डिप्टी सीएम केशव मौर्य और एसडीएम सदर द्वारा 25 लाख की आर्थिक मदद नहीं पूरी की गयी। इसे लेकर सोमवार को फिर मेहता पार्क में मृतक दम्पत्ति के बच्चे शिवांश मौर्य, प्रिया मौर्य और खुशी मौर्य द्वारा अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू कर दिया गया। मृतक के पुत्र शिवांश मौर्य ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते भरण-पोषण के साथ-साथ हमारी पढ़ाई, लिखाई बाधित हो रही है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार