आजमगढ़। हाइवे स्थित कस्बे में अधूरा डिवाइडर आये दिन दुर्घटना का कारण बन रहा है। आये दिन दुर्घटना हो रही फिर भी विभाग की तंद्रा भंग नहीं हो रही है। रविवार की देर रात सूजी लदी ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। दुर्घटना में चालक खलासी बाल-बाल बच गये। दूसरे दिन भी जाम की स्थिति बनी रही।
खलीलाबाद से सूजी लाद कर ट्रक बनारस जा रही थी। रविवार की रात तकरीबन बारह बजे कस्बे के रानी पोखरा गली के समीप अनियंत्रित हो कर डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। घटना में चालक खलासी किसी तरह कूद कर बच निकले। चालक छोटेलाल निवासी महराजगंज जनपद का निवासी है। घटना में सूजी की बोरी सड़क पर बिखर गयी। मार्ग पर दुर्घटना से एक लेंथ पर जाम लग गया। सोमवार को दूसरे वाहन से सामान लाद कर हटाया गया। दोपहर तक हाइवे पर जाम बना रहा। जिस स्थान पर ट्रक पलटी वहां एक माह में छठवीं घटना है। इसी जगह पर ट्रेलर डम्पर के डिवाइडर से टकराने से आग लगी थी जिसमें चालक खलासी झुलस गये थे। आये दिन दुर्घटना के बाद भी लोक निर्माण विभाग आंखें मूदे हुए है। कस्बे के संतोष साहू, व्यापार मंडल के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, समाज सेवी मनोज गुप्ता आदि ने कहा कि गुहार लगाने और आये दिन दुर्घटना के बाद भी लोक निर्माण विभाग को किसी बडे़ हादसे का इंतजार है। विभाग के प्रति नागरिकों में रोष है।