दिव्य दीपावली मेले में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश शासन एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, आजमगढ़ के तत्वावधान में हरिऔध कला केंद्र में एक दिवसीय ‘दिव्य दीपावली मेला’ का भव्य आयोजन हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा, सृजनशीलता एवं स्वावलंबन के प्रयासों की सराहना की।
मेले में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के साथ-साथ विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं एवं विशेष विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। मेले के माध्यम से दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक एवं उपस्थित अधिकारियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। मेले में कुल 20 स्वैच्छिक संस्थाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया।
दिव्य दीपावली मेले के दौरान जनपद के पात्र दिव्यांगजनों को 550 से अधिक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करने तथा उनकी गतिशीलता, आत्मनिर्भरता एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायता मिलेगी।

इसके अतिरिक्त, मेले में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए आधार कार्ड बनवाने एवं आधार में संशोधन की विशेष व्यवस्था भी की गई। विभाग द्वारा लगाए गए पंजीकरण काउंटर के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
इस मौके पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग आजमगढ़ मंडल, राज बहादुर सिंह, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आदि रहे।
इनसेट—
दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
आजमगढ़। मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण में सहभागी बनने तथा उन्हें सम्मान एवं समान अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *