अध्यक्ष की जिम्मेदारी रही अधूरी, अब विधानसभा पहुंचने का ख्वाब

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विकास के बड़े-बड़े दावे और विधानसभा चुनाव में उतरने के ख्वाब देखने वाले आजमगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर के खिलाफ जनता का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। अपनी प्राथमिक जिम्मेदारियों को दरकिनार कर सियासी गोटियां बिछाने में व्यस्त चेयरमैन की अनदेखी से आजिज आकर वार्ड गुरुटोला-अनंतपुरा वार्ड के नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर भड़ास निकाली।
नागरिकों का आरोप है कि पिछले एक साल से भी अधिक समय से पूरा इलाका बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि बीते एक साल से भी अधिक समय से वार्ड की नालियां टूटी पड़ी हैं, जिन पर न तो पटिया रखी गई है और न ही क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की मरम्मत कराई गई है। इसके अलावा साफ-सफाई की स्थिति बद से बदतर है। नगरपालिका की कारगुजारी का आलम यह है कि कई जगहों पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटें 24 घंटे जलकर बिजली बर्बाद कर रही हैं, तो कई इलाके पूरी तरह अंधेरे में डूबे रहते हैं। पीने के पानी के लिए लगी प्याऊ की टंकियों का रखरखाव न होने से उनमें पेड़ की टहनियां अंदर तक घुस चुकी हैं, जिससे दूषित पानी आपूर्ति का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड में जगह-जगह बिजली के जर्जर तार लटक रहे हैं और खंभे नीचे से जंग खाकर कट चुके हैं। हवा में अटके खंभे कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। हर दिन जान हथेली पर रखकर इन रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार अफसर और जनप्रतिनिधि कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान प्रीतम सिंह, आशीष सिंह, जाहिद अहमद गुड्डू, सैफ आजमी, दानिश इदरीशी, मो. राशिद, इसरार अहमद मिट्ठू, राधिका देवी, रामजन्म निषाद, मो. साहिल और फहीम अहमद आदि उपस्थित रहे।
इनसेट–
वार्ड सभासद ने उठाए गंभीर सवाल
आजमगढ़। मामले में जिला योजना समिति सदस्य एवं स्थानीय सभासद मोहम्मद अफजल ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड की इन समस्याओं के संबंध में अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। सभासद का आरोप है कि कागजों में कई विकास कार्य पास हो चुके हैं, लेकिन हकीकत में धरातल पर एक भी काम शुरू नहीं हो सका है।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *