बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का मामला फिर गरमाया

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मार्च 2023 में बिजली कर्मचारियों के सांकेतिक आंदोलन के दौरान की गई उत्पीड़नात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने रविवार को गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नफीस अहमद से मुलाकात कर कर्मचारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई वापस कराने की मांग उठाई। विधायक को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रभावी हस्तक्षेप कराने की अपील की।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मार्च 2023 के आंदोलन के दौरान बिजली कर्मचारियों के विरुद्ध की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई, दर्ज एफआईआर, स्टेट विजिलेंस की जांच तथा बर्खास्त संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्ति संबंधी निर्णय वापस लिए जाएं, ताकि प्रभावित कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को अवगत कराया कि मार्च 2023 में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के साथ हुई वार्ता के दौरान कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई वापस लेने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके लगभग साढ़े तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी कई मामले लंबित हैं। कार्रवाई वापस नहीं होने से संबंधित कर्मचारियों और उनके परिवारों को लगातार मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव आजमगढ़ उपेन्द्र चौरसिया, शाखा सचिव तुषार श्रीवास्तव, संदीप चंद्रा आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *