अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बहरीन एयरपोर्ट से लापता हुए भवरूपुर निवासी सौरभ राय आखिरकार 20 दिनों की मुश्किलों के बाद शनिवार को सकुशल अपने घर लौट आए। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने विदेश में हिरासत के दौरान झेली गई परेशानियों की आपबीती सुनाई तो उनकी आंखें छलक पड़ीं।
सौरभ ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार 18 दिनों तक 16 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले एसी कमरे में रखा गया, जहां ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े और कंबल तक उपलब्ध नहीं थे। महज एक हल्की चादर के सहारे उन्हें रातें गुजारनी पड़ीं। घर वापसी के लिए उन्हें 7200 बहरीन दिनार का जुर्माना भी भरना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, सौरभ राय सऊदी अरब के अल-कतीफ, दम्माम में निजी ड्राइवर के रूप में काम करते थे। 29 अक्टूबर 2026 को मुंबई से फ्लाइट के जरिए बहरीन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने अपने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी। हालांकि, इसके कुछ समय बाद ही उनका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश में लगातार अधिकारियों से संपर्क करने लगे। सौरभ के मुताबिक, बहरीन एयरपोर्ट पर जांच के दौरान उनके पास से चुनौटी, तंबाकू और चूना मिलने के बाद सीमा शुल्क विभाग ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनका मोबाइल फोन और बैग भी जब्त कर लिया गया। इसके बाद उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग को सौंप दिया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। सौरभ ने बताया कि हिरासत के दौरान उन्हें 16 डिग्री तापमान वाले एसी कमरे में रखा जाता था। ठंड से बचने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। करीब 18 दिनों तक इन कठिन परिस्थितियों में रहने के बाद जुर्माना भरकर उन्हें घर लौटने की अनुमति मिली।
सौरभ के बड़े भाई ऋषभ राय ने बताया कि भाई से संपर्क टूटने के बाद पूरा परिवार बेहद परेशान था। उसकी सकुशल वापसी के लिए गृह विभाग, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और आजमगढ़ के पुलिस अधीक्षक से लगातार संपर्क किया जा रहा था। परिवार की ओर से हर स्तर पर मदद की गुहार लगाई गई। आखिरकार 20 दिनों के लंबे इंतजार के बाद सौरभ की सकुशल वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट-संतोष चौबे