अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी की ओर से रविवार को क्षेत्र के ग्राम पंचायत वैसपुर में पीडीए सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने सामाजिक न्याय, युवाओं के रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, जबकि शराब की दुकानों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे शिक्षा और रोजगार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नौकरी की मांग करने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज किया जाता है और प्रदेश की जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है। उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और चीनी की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज अपने हक और अधिकार के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद कर रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका प्रभाव दिखाई देगा।
इस अवसर पर शीतला निषाद, कन्हैया गौड़, चंद्रजीत यादव, सभाजीत, धर्मेंद्र निषाद, लालजी शर्मा, बीरबल निषाद, राजेश यादव, विकास, यशवर्धन, बाबा निर्भय दास, सूरज विश्वकर्मा, रामकुंवर सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता विदेशी निषाद तथा संचालन जयप्रकाश यादव ने किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद