अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
श्री राजभर ने कहा कि सपा के पास न कोई नीति है और न ही नियत। विपक्ष जनता के बीच भ्रम और झूठ फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि एनडीए की डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास और सुशासन की दिशा में आगे ले जा रही है, जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि योगी सरकार अपराधियों और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले की सरकारों की अपेक्षा बेहतर हुई है और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
समीक्षा बैठक में उन्होंने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और पात्र लोगों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने कहा कि सुभासपा का उद्देश्य गरीब, शोषित और वंचित समाज को उनका अधिकार और सम्मान दिलाना है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद