अंत्येष्टि स्थल के लिए धनराशि जारी

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार की ओर से योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते कई योजनाओं का लाभ समय से ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। फूलपुर विकास खंड में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की योजना भी कुछ इसी स्थिति से गुजर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में छः ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण के लिए चयन किया गया है। शासन की ओर से 18 अगस्त को संबंधित ग्राम पंचायतों के खातों में धनराशि भी भेज दी गई, लेकिन 9 सितंबर तक किसी भी स्थान पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
फूलपुर ब्लाक क्षेत्र में वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25, 2025-26 और 2026-27 में ग्रामीणों की मांग के आधार पर 15 ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण को स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण के लिए करीब 24 लाख 11 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। अब तक भदसार, चमावा, गदाइपुर, विशेखा, खांजहापुर, सलाहुद्दीनपुर, इजदीपुर, कुशलगांव और खरसहन कला समेत कई ग्राम पंचायतों में निर्माण कराया जा चुका है। हालांकि इजदीपुर में मुख्य गेट और विशेखा में बाउंड्रीवाल का कार्य अभी अधूरा बताया जा रहा है।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में कटार, खैरुद्दीनपुर, मीर अहमदपुर शहजादा, रामोपुर, मुनोवरपुर और अरनौवला ग्राम पंचायतों का चयन अंत्येष्टि स्थल के लिए किया गया है। इन ग्राम पंचायतों के खातों में 18 अगस्त को धनराशि भेज दी गई। ब्लाक के सलाहकार अभियंता अभिषेक पाल की ओर से स्टीमेट आदि भी सचिव व प्रशासक को उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके बाद तकनीकी स्वीकृति (टीएस) लेकर निर्माण शुरू कराया जा सकता है, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है।
इनसेट–
नदी किनारे भूमि होने से जलभराव की समस्या
फूलपुर (आजमगढ़)। इस संबंध में बीडीओ फूलपुर फूलचंद सरोज ने बताया कि पूर्व में बने अंत्येष्टि स्थलों का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और उनका उपयोग अंतिम संस्कार के लिए किया जा रहा है। जो थोड़ा-बहुत कार्य शेष है, उसे पूरा कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में चयनित अधिकांश ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल के लिए भूमि कुंवर नदी के किनारे है। लगातार वर्षा और नदी का जलस्तर बढ़ने से कुछ स्थानों पर जलभराव है। जलस्तर घटते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *