पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर खुलासा करते हुए एक बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, नगदी, मोबाइल फोन, लेडीज बैंग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 23 मई को रौनापार थाना क्षेत्र के जमीन रसूलपुर निवासी महजवीन पत्नी शादाव अहमद बिलरियागंज बाजार से ई-रिक्शा द्वारा अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान वधैला के पास पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश आए और झपट्टा मारकर उनका पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में नगदी और मोबाइल फोन मौजूद था। मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
मंगलवार को बिलरियागंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से नहर पटरी मार्ग होते हुए नसीरपुर की तरफ आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नसीरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। सामने से आते बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ चलाई गयी गोली से फुजैल अहमद पुत्र अलीम निवासी अंबेडकर नगर कसाई मोहल्ला थाना बिलरियागंज के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी बिलरियागंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी के 9800 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन, एक लेडीज बैंग और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
रिपोर्ट-बबलू राय