अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वरिष्ठ भाजपा नेता श्रम प्रकोष्ठ क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने सपा नेताओं पर पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू सिंह को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के लोग अराजकता फैलाकर भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं।
पल्हना ब्लॉक प्रमुख पर दो युवकों को अपने घर बुलाकर पिटाई करने का आरोप लगा है। पीड़ित विवेकानंद यादव ने समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष हवलदार यादव से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई, जिस पर सपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन करेगी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रमाकांत मिश्र ने कहा कि भाजपा नेता अनुराग सिंह एक कर्मठ और संघर्षशील नौजवान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं से जुड़े कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पल्हना ब्लॉक क्षेत्र की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर प्रताड़ित किया गया था, जिसकी मदद खुद ब्लॉक प्रमुख ने की। इसी से बौखलाई सपा अब षड्यंत्र रच रही है। श्री मिश्र ने कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं जबकि सपा के शासनकाल में अपराध और अराजकता चरम पर रही। सपा जिलाध्यक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि शीशे के घर में रहने वाले दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते।
रिपोर्ट-आशीष निषाद