लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा ने मंगलवार की शाम को तहसील क्षेत्र के मिर्जा आदमपुर में चीनी व्यापारियों के स्टॉक का सत्यापन अभियान चलाया। प्रशासन की टीम ने व्यापारियों के स्टॉक और संबंधित अभिलेखों की जांच कर उपलब्ध चीनी का भौतिक सत्यापन किया।
एसडीएम ने मैसर्स लाला विनय गुप्ता इंटरप्राइजेज पहुंचकर चीनी के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, बिल-बाउचर और गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का अभिलेखों में दर्ज विवरण से मिलान किया और व्यापार से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। एसडीएम ने कहा कि चीनी की कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से स्टॉक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के सीजन में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों पर नियंत्रण रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने व्यापारियों को निर्देश दिया कि चीनी के स्टॉक का सही विवरण प्रतिदिन अपडेट रखें तथा निर्धारित मूल्य पर ही बिक्री करें। जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस दौरान राजस्व एवं पूर्ति विभाग की टीम भी मौजूद रही।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद