रास्ते व आबादी की जमीन के विवाद में पट्टीदार भिड़े

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के टड़वा गांव में बुधवार को आबादी की जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर दो पट्टीदारों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने से महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामहरीश वर्मा पुत्र स्व. रघुनंदन वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आबादी की जमीन को लेकर उनके पट्टीदार विवाद करने लगे। आरोप है कि राजेंद्र वर्मा, प्रवेश वर्मा, लखियावती और सुमन ने एकराय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। रामहरीश का आरोप है कि उन्हें घसीट-घसीटकर पीटा गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रवेश वर्मा पुत्र राजेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि घर के रास्ते से ईंट निकालने को लेकर विवाद हुआ। उनके पिता ने रास्ते से ईंट निकालने का विरोध किया तो रामहरीश, राकेश वर्मा और रमेश वर्मा ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके पिता, माता और उन्हें चोटें आईं। प्रवेश के मुताबिक, 25 अगस्त को भी रास्ते और निर्माण कार्य को लेकर विवाद की सूचना पर पीआरवी-112 मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बिना सहमति निर्माण कार्य नहीं करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद बुधवार को फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *