फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के गांवों में चकमार्ग, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग मार्गों का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कों के दोनों ओर पानी जमा होने से खेतों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि ब्लाक, जिला पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं की ओर से गांवों में चकमार्ग, पिच रोड, सीसी रोड और इंटरलॉकिंग मार्गों का निर्माण कराया गया है। कई मार्गों पर ह्यूम पाइप या पानी की निकासी के लिए अन्य व्यवस्था नहीं की गई। इससे बारिश का पानी एक तरफ से दूसरी तरफ नहीं जा पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई चकमार्गों के दोनों ओर पानी भरा हुआ है। खेतों से जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उनका आरोप है कि मार्ग निर्माण के समय जल निकासी की समस्या को लेकर अभियंताओं और ठेकेदारों ने गंभीरता नहीं दिखाई।
क्षेत्रवासी ध्रुपचंद यादव, साधु यादव, अंकुर यादव, लालबहादुर, मनीष पाल, दिनेश पाल, रघुवीर, सोचन बनवासी और आशीष पाल ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चकमार्ग और सीसी सड़कों पर ह्यूम पाइप लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय