आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रोटरी क्लब की ओर से विश्व स्तनपान माह के अंतर्गत जिला महिला अस्पताल में जागरूकता अभियान और राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर प्रसूताओं और माताओं को स्वास्थ्य व पोषण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में हुआ। अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल ने मदर टेरेसा के जीवन का स्मरण करते हुए कहा कि वे गरीबों, अनाथों और बीमारों की सेवा के लिए जानी जाती हैं। उन्हीं के सेवा भाव से प्रेरणा लेते हुए रोटरी क्लब मानवता के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है।
इस दौरान क्लब सदस्यों ने विभिन्न वार्डों में जाकर प्रसूताओं को सेहतमंद रहने के लिए सेब, अनार, बिस्कुट, सेनेटरी पैड तथा नवजात शिशुओं के लिए लंगोट और झबला वितरित किए। माताओं को स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों से दूर रहने और डिब्बाबंद पाउडर वाले दूध के नुकसानों के प्रति सचेत किया गया। क्लब सदस्यों ने माताओं को प्रेरित किया कि नवजात शिशु के लिए शुरुआती छह महीने तक केवल मां का दूध ही सर्वाेत्तम और अनिवार्य पोषण है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विनय कुमार सिंह ने रोटरी क्लब के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार