ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा द्वारा लगातार क्षेत्र में जमीनी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विकास खंड ठेकमा के हरईरामपुर स्थित गौशाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (डीवाईसीवीओ), ग्राम पंचायत सचिव सहित संबंधित कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने गौशाला में गोवंशों के स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही हरा चारा, भूसा, पीने के पानी की उपलब्धता, गोवंशों के घूमने के लिए पर्याप्त स्थान, साफ-सफाई तथा गौशाला परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने तथा अंदर की जमीन को समतल कराने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 10 दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम द्वारा लगातार क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए जाने से संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता बढ़ी है।
रिपोर्ट-एमके राय