पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज विकासखंड के चांदपुर पटवध स्थित रामकृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार को शासकीय विद्यालय प्रबंधक महासभा की जिला इकाई की बैठक हुई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के पूर्व प्रबंध निदेशक स्व. महातम राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। संगठन पदाधिकारी रणवीर सिंह ने पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ के 15 सितंबर 2026 के पत्र में चयनित शिक्षकों को कार्यभार ग्रहण कराने के लिए विद्यालय प्रबंधकों पर दो से तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप लगाए जाने के मामले पर चर्चा हुई। महासभा ने आरोपों को निंदनीय बताते हुए पत्र वापस लेने और प्रबंधकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। निर्णय लिया गया कि मांग पूरी न होने पर संगठन धरना-प्रदर्शन सहित अन्य लोकतांत्रिक कदम उठाएगा। इसके लिए जिलाध्यक्ष को अधिकृत किया गया। बैठक में लंबे समय से रिक्त जिला मीडिया प्रभारी पद पर गांधी इंटर कॉलेज मालटारी के प्रबंधक मुकेश राय को सर्वसम्मति से जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान श्रवण कुमार राय, गजेंद्र सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, रणवीर सिंह, राजकुमार राय, प्रदीप सिंह, अनिल कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह, रोहिताश्व सिंह आदि पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट-बबलू राय