फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ब्लॉक संसाधन केंद्र फूलपुर पर शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के समस्त प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई। बैठक में विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं और शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खण्ड शिक्षाधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत अब तक संतृप्त न हुए कार्यों की विद्यालयवार समीक्षा की गयी। विद्यालयों में साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति तथा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी पात्र विद्यार्थियों को डीबीटी का लाभ शत-प्रतिशत सुनिश्चित किए जाने तथा विद्यार्थियों की अपार आईडी जनरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयवार नवीन नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में निपुण तालिका एवं संदर्शिका आधारित शिक्षण, निपुण प्लस के अंतर्गत शत-प्रतिशत बच्चों के आकलन तथा विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें। बैठक में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय