पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के गागेपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में काफी दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने को लेकर बुधवार को विद्युत उपकेंद्र पटवध कौतुक पर सांकेतिक धरना दिया गया। धरने का नेतृत्व सम्राट पृथ्वीराज चौहान शब्दभेदी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील चौहान ने किया।
सुनील चौहान ने बताया कि विद्यालय में बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए विद्युत उपखंड अधिकारी बिलरियागंज तथा अधिशासी अभियंता खंड द्वितीय को लिखित पत्र दिया गया था, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर धरना देना पड़ा।
सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने के एसआई प्यारेलाल, एसआई इसरार अहमद खान, एसआई एजाज अहमद, एसआई हरिकेश राय तथा आरक्षी राकेश कुमार वर्मा, रामबाबू यादव और वीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
मामले में खंड शिक्षा अधिकारी बिलरियागंज जगदीश यादव से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं बीएसए राजीव पाठक ने फोन रिसीव करते हुए कहा कि विद्युत विभाग से विद्यालय का इस्टीमेट मिलते ही शिक्षा विभाग द्वारा उसका भुगतान कराया जाएगा।
इसके बाद अवर अभियंता रितेश चौधरी ने तत्काल लाइनमैन को मौके पर भेजकर विद्यालय में तार खिंचवाने का कार्य शुरू कराया। साथ ही इस्टीमेट तैयार कर ग्राम प्रधान प्रमोद चौहान को सौंपा गया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
रिपोर्ट-बबलू राय